सिरोही। प्रदेश में कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर तंज कसते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित ने कहा कि यह कुशासन, भ्रष्ट और वादा खिलाफी वाली सरकार है। पुरोहित ने कहा कि गहलोत सरकार की नीतियां अब तक जन विरोधी रही है। सिरोही के निर्दलीय विधायक पर झूठी वाहवाही लूटने का आरोप लगाते हुए पुरोहित ने कहा कि जो भी कार्य हुए वो केंद्र की योजनाओं के चलते हुए है। प्रदेश में नौजवान नशे की जद में है। शासन और प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। नगर परिषद भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है और विकास कार्य भी अवरुद्ध पड़े है।

विभिन्न ग्राम पंचायतों से बुधवार को सिरोही मुख्यालय पहुंची जन आक्रोश यात्रा के दौरान भाजपा नगर मंडल की ओर से नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया।  

नगर परिषद सिरोही के भ्रष्टाचार की भेंट चढऩे और विकास को अवरुद्ध करने के आरोप लगाकर निशाना साधा। सभी वक्ताओं ने गहलोत सरकार की नाकामियों को जनता के सामने उजागर करते हुए शासन व प्रशासन की विफलताओं को गिनाया। कार्यक्रम की शुरुआत के अवसर पर गोली चौराहे पर जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित ने संबोधित करते हुए यात्रा के दरम्यान जनता को व्यापक समर्थन देने पर धन्यवाद दिया और लोगों ने बढ़ चढ़कर मिस कॉल करके और शिकायत पत्रक भरकर सौंपे।
शहर के गोयली चौराहा, भाटकड़ा सर्किल, पैलेस रोड, सरजावाव दरवाजा आदि स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित हुई। इसी प्रकार नगर परिषद के बाहर और झूपाघाट क्षेत्र में जन चौपाल में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि चार सालों से प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े है। महिलाओं से छेडख़ानी, बलात्कार, हिंसा के मामलों से अखबार भरे हैं लेकिन शासन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।  इस सरकार में अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग पर भी अत्याचार के मामले बढ़े हैं। पूर्व राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि प्रदेश आज अपराध व बेरोजगारी के मामलों में पहले पायदान पर है। कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने राज्य की जनता के साथ वादाखिलाफी की है और किसानों के कर्ज माफी सहित सस्ती बिजली के वादे तथा बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का आज भी जनता इंतजार कर रही है। नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल ने कहा कि 4 साल पहले चुनावी सभा में 1 से 10 तक गिनती गिनने का कहकर कर्जा माफ करने का राहुल का वादा किसानों को आहत कर रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश को भरपूर सहायता भेजी और केंद्रीय योजनाओं आदि का लाभ देने में राज्य सरकार राजनीतिक दुर्भावना से लोगों को उसका लाभ नहीं दे रही।  जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी ने  कहा कि कांग्रेस का जंगलराज अब अपने अंत की ओर बढ़ रहा है जन आक्रोश अब इस सरकार को उखाड़ फेंकेगा। पूरे राजस्थान समेत सिरोही को मेडिकल कॉलेज की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए दीपेंद्रसिंह पीथापुरा ने कहा कि स्वस्थ भारत के लिए संकल्पित है मोदी सरकार और इसी के मद्देनजर पिछले 8 साल साल में देश में करीब 210 मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं।  एडवोकेट अशोक पुरोहित ने कहा कि कांग्रेस ने चार साल में बेरोजगारों के साथ छलावा करने के सिवाय कुछ भी नहीं किया है। भाजपा के मांगूसिंह बावली ने क्षेत्रीय निर्दलीय विधायक पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाए। नगर महामंत्री जबरसिंह चौहान, प्रतिपक्ष नेता मगनलाल मीणा, पार्षद प्रवीण राठौड़ महिपालसिंह चारण, हितेंद्र ओझा, हेमंत पुरोहित आदि ने संबोधित करते हुए कहा की महिला दुष्कर्म, दलितों पर अत्याचार, साइबर क्राइम में राजस्थान नंबर वन है। महिलाओं पर अत्याचार में दूसरे स्थान पर है। बिजली महंगी करने, पेट्रोल-डीजल पर वैट नहीं घटाकर इन दोनों तेल पदार्थों को महंगा रखने में भी राजस्थान देश में पहले स्थान पर है। कांग्रेस के शासनकाल में पूरी तरह जंगलराज चल रहा है। सरकार भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है। सभी प्रकार के माफिया बेखौफ होकर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।